हिंदू संघर्ष समिति की आवश्यक बैठक हुई संपन्न ताजियों के रूट में परिवर्तन की मांग, हिंदू रक्षा दल हिंदू संघर्ष समिति में शामिल

मुजफ्फरनगर, 13 जून। हिंदू संघर्ष समिति, लक्ष्मीनगर की एक विशेष बैठक शुक्रवार को वृंदावन मार्केट, नई मंडी स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न हिंदूवादी, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में हिंदू रक्षा दल को हिंदू संघर्ष समिति परिवार में शामिल करने की घोषणा की गई। उपस्थित सभी संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए संगठन को शुभकामनाएं दीं।समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु ने बताया कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों के जुलूसों के संबंध में चर्चा करते हुए समिति ने प्रशासन से शिव चौक एवं हनुमान चौक से गुजरने वाले ताजियों के रूट में परिवर्तन की मांग करने का निर्णय लिया है। उनका कहना था कि इन धार्मिक स्थलों पर पूर्व में कुछ ऐसे घटनाक्रम सामने आए हैं, जिनसे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाने की मांग उठाई जाएगी।बैठक में शांति समिति की बैठकों में हिंदूवादी संगठनों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि प्रशासन द्वारा वर्षों पुरानी सूची के आधार पर प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाता है, जबकि वर्तमान में सक्रिय कई सामाजिक एवं हिंदूवादी संगठन इससे बाहर रह जाते हैं। समिति ने मांग की कि सूची का पुनरीक्षण कर सक्रिय संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।इसके अतिरिक्त तथाकथित लव जिहाद के मामलों पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन को कानून के अनुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने चाहिए।बैठक में समिति के संरक्षक ललित मोहन शर्मा एवं अमित गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव अरुण प्रताप सिंह ने किया।बैठक में शिव सेना (शिंदे), क्रांति सेना, अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, जनसंख्या समाधान फाउंडेशन, विश्व हिंदू महासंघ, नवीन मंडी व्यापार संघ, राष्ट्रीय बजरंग दल, अखिल भारत हिंदू महासभा, योगी सेना, अखिल भारतीय करणी सेना, तेजस फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अंत में उपस्थित सदस्यों ने हिंदू समाज के हितों की रक्षा, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ