निरीक्षणमुजफ्फरनगर, 10 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को जनपद में शुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षा के तीसरे दिन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जनपद में 8 जून से 10 जून 2026 तक दो पालियों में आयोजित हो रही पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल अधिकारियों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से की जा रही सतत निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों की निगरानी का निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया गया।जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस कर्मियों को परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच एवं फ्रिस्किंग के उपरांत ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने के आदेश दिए गए।प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सतत निगरानी के चलते जनपद में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें